पुणे , अक्टूबर 07 -- महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का पुणे में चल रहा आंदोलन जल्द ही मुंबई पहुंच सकता है।
प्रदर्शन को आयोग के मुख्यालय तक ले जाने को लेकर शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-एसपी) के शरद पवार समूह के विधायक रोहित पवार के नेतृत्व में पिछले छह दिनों से पुणे में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी आने वाले दिनों में अपना आंदोलन तेज करते हुए मुंबई की ओर रुख कर सकते हैं।
श्री पवार ने प्रस्तावित आंदोलन को मुंबई ले जाने को लेकर प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। आंदोलन के छठे दिन में प्रवेश करने के बावजूद सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं लिए जाने के बीच पवार ने कथित तौर पर प्रदर्शन को सीधे मुंबई स्थित एमपीएससी मुख्यालय तक ले जाने की संभावना पर छात्रों से चर्चा की है।
पुणे के नवी पेठ में पत्रकार भवन के पास गारवेयर कॉलेज और एस.एम. जोशी पुल क्षेत्र में दो अक्टूबर से मुख्य प्रदर्शन चल रहा है।
प्रदर्शनकारी अन्य मांगों के अलावा एमपीएससी अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में बदलाव की मांग कर रहे हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
इस बीच पुणे में चल रहे एमपीएससी विद्यार्थियों के आंदोलन के खिलाफ बंबई उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की गयी है। अधिवक्ता अर्णव उरणकर ने न्यायालय का रुख करते हुए आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के कारण शहर के निवासियों को परेशानी हो रही है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित