पुणे , अक्टूबर 24 -- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मोहन जोशी ने शनिवार को हिंजवडी-शिवाजीनगर मेट्रो कॉरिडोर पर यात्री सेवाएं शुरू होने में हो रही देरी की आलोचना की और आरोप लगाया कि आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बावजूद यह लाइन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों उद्घाटन किये जाने का इंतजार कर रही है।
एक बयान में श्री जोशी ने कहा कि मेट्रो 100 से अधिक दिनों से बिना यात्रियों के चल रही है। उन्होंने इस स्थिति को जनता के पैसे की बर्बादी और नियमित सेवाओं के शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए असुविधाजनक बताया। उन्होंने कहा कि हिंजवडी आईटी पार्क में काम करने वाले कर्मचारी, स्थानीय निवासी और मान, औंध, चतुशृंगी तथा मॉडल कॉलोनी सहित इस मार्ग के आसपास के इलाकों के यात्री उम्मीद कर रहे थे कि मेट्रो से क्षेत्र में यातायात की भीड़भाड़ को कम करने में मदद मिलेगी।
श्री जोशी ने बताया कि मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने लगभग तीन महीने पहले ही इस कॉरिडोर के 17 स्टेशनों के लिए अनुमति दे दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यात्री सेवाएं शुरू करने में केवल इसलिए देरी कर रही है, ताकि प्रधानमंत्री से इस परियोजना का उद्घाटन कराया जा सके।
श्री जोशी ने कहा कि यह परियोजना मूल रूप से मार्च में पूरी होनी तय थी। ट्रायल रन के तहत हालांकि अब भी मेट्रो बिना यात्रियों के चल रही है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर आम नागरिकों की आलोचना सामने आ रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस परियोजना को लागू करने वाला पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) समय पर सेवाएं शुरू कराने में पूरी तरह नाकाम रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित