पुणे , सितंबर 19 -- भारत रत्न डॉ. बी.आर. आम्बेडकर के समानता, गरिमा और सामाजिक सशक्तिकरण के आदर्शों से प्रेरित दो महीने की ऑफलाइन 'आम्बेडकर फेलोशिप' की घोषणा पुणे में की गई है।
यह फेलोशिप रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले के मार्गदर्शन तथा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हुलगेश चलवादी की पहल पर आयोजित की जा रही है। परियोजना की नियोजन प्रमुख रेणुका चलवादी ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा शोधकर्ताओं को जन प्रतिनिधियों, सरकारी संस्थानों और विभिन्न समुदायों के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिसके तहत वे नीतिगत अनुसंधान, मैदानी अध्ययन और साक्ष्य-आधारित नीतिगत सिफारिशें तैयार करेंगे।
परियोजना समन्वयक श्रेया मिश्रा के अनुसार, यह फेलोशिप केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार और पुणे नगर निगम द्वारा लागू की जा रही चयनित कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित होगी। फेलोशिप के दौरान शोधार्थी सरकारी योजनाओं के प्रारूप और उनके वास्तविक कार्यान्वयन के बीच के अंतर, लाभार्थियों को होने वाली समस्याओं और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचने में आने वाली बाधाओं का गहन अध्ययन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित