पुणे , फरवरी 22 -- संत निरंकरी मिशन ने 'प्रोजेक्ट अमृत' के तहत अपने अभियान 'क्लीन वाटर, क्लीन माइंड' का चौथा चरण रविवार को आयोजित किया। यह अभियान महाराष्ट्र के पुणे सहित देशभर में एक साथ संचालित किया गया। यह कार्यक्रम सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

अभियान के तहत पुणे जिले में 42 स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां चलाई गईं। इनमें इंद्रायणी नदी, मुला नदी, मुथा नदी, भीमा नदी, पावना नदी और कुकड़ी नदी सहित कई नदियां तथा शहर के विभिन्न झील क्षेत्र शामिल रहे। पुणे में विशेष रूप से मुला-मुथा नदी के घाटों पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया।

संत निरंकारी मंडल के नंदकुमार झांबरे ने बताया कि यह व्यापक अभियान देशभर में 1,600 से अधिक स्थानों पर तथा केवल पुणे जिले में 42 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि जल केवल एक संसाधन नहीं बल्कि जीवन की आधारशिला और ईश्वर का अमूल्य उपहार है। समाज में यह जागरूकता उत्पन्न करना कि इसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है, इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर मिशन ने वर्ष 2023 में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से 'प्रोजेक्ट अमृत' की शुरुआत की थी।

अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को एक दिन या अल्पकालिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली, मूल्य प्रणाली और निःस्वार्थ सेवा की अभिव्यक्ति बनाना है-जहां स्वच्छ जल, स्वच्छ मन और अंततः स्वच्छ समाज का निर्माण हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित