पुणे , अप्रैल 11 -- महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल आज उस समय बाल-बाल बच गये, जब उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान बड़ी चूक सामने आयी।
जानकारी के अनुसार, पुरंदर के खानवड़ी क्षेत्र में पायलट की गलती के कारण हेलीकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड के बजाय कार पार्किंग स्थल पर उतर गया।
श्री भुजबल को महात्मा फुले की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचना था। प्रशासन द्वारा अलग से अधिकृत हेलीपैड तैयार किया गया था, लेकिन पायलट ने पास के खुले स्थान (पार्किंग क्षेत्र) को ही लैंडिंग स्थल समझ लिया।
अचानक हुई इस लैंडिंग से मौके पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गयी।
हाल के वर्षों में वीआईपी से जुड़े विमान हादसों की पृष्ठभूमि में इस घटना ने सुरक्षा और समन्वय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित