पुड्डुचेरी , अप्रैल 09 -- केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव में गुरूवार को 89.87 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रदेश की कुल 30 विधानसभा सीटों के लिए 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है, जिनमें से 40 महिलाएं हैं।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार कुल 9.44 लाख मतदाताओं में से 89.87 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू और शाम छह बजे समाप्त हुआ। प्रदेश में इक्का दुक्का घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

पुड्डुचेरी जिले में 90.47 प्रतिशत और कराईकल में 86.77 प्रतिशत मतदान हुआ है।

केन्द्र शासित प्रदेश में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के संस्थापक-अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख एन रंगासामी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग और कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन के बीच सीधी टक्कर हैं।

पुडुचेरी में मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र के थिरुकन्नूर के मतदान केंद्र पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प हुई और पुलिस को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। इस सीट पर गृह मंत्री ए. नमशिवायम का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सेल्वम से है।

प्रदेश में मतदाताओं के लिए कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाये गये थे । इनमें से 209 केंद्रों की संवेदनशील और पांच को अति-संवेदनशील बताया गया था। पुडुचेरी में कुल 9.44 लाख मतदाता में से लगभग 4.43 लाख पुरुष, पांच लाख महिलाएं और 139 उभयलिंगी मतदाता हैं।

मतगणना चार मई को हाेगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित