पुड्डुचेरी , अप्रैल 09 -- केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी के 30 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक होगा।

राज्य के सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं।

चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं और मतदान-केंद्रो पर चुनाव अधिकारी मतदाताओं का स्वागत कर रहे हैं। आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है।

केन्द्रशासित प्रदेश की सभी 30 सीटों के लिए कुल 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें से 40 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। मतदाताओं के लिए कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाये गये। इनमें से 209 केंद्रों की पहचान संवेदनशील और पांच की अति-संवेदनशील के रूप में की गयी है।

पुड्डुचेरी में कुल 9.44 लाख मतदाता हैं, जिनमें लगभग 4.43 लाख पुरुष, पांच लाख महिलाएं और 139 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें पुड्डुचेरी पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और कर्नाटक पुलिस की विशेष टीम शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित