पुड्डुचेरी , अप्रैल 08 -- केंद्रशासित प्रदेश के 30 विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।

पुड्डुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पी जवाहर ने बुधवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल ईवीएम म) में कुल 294 उम्मीदवारों की किस्मत कैद हो जाएगी जिनमें 40 महिला उम्मीदवार हैं। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये हैं। कुल 1,099 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान होगा। इनमें से 209 केंद्रों की पहचान संवेदनशील और पांच की अति-संवेदनशील के रूप में की गयी है।

कीझूर स्थित मतदान केंद्र यहां के वीओसी विद्यालय और कराइकल के थंथई पेरियार विद्यालय के मतदान केंद्र विशिष्ट बूथ हैं।

जहां 30 बूथों की कमान महिलाओं के हाथ में होगी। वहीं 15 नये सरकारी कर्मचारी 15 बूथों को संभालेंगे और दो बूथों का प्रशासन दिव्यांग संभालेंगे। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों के लिए मतदान केंद्रों पर की गयी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए श्री जवाहर ने बताया कि कुल 173 माइक्रो पर्यवेक्षक और 2800 पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

उन्होंने बताया कि कुल 8.4 करोड़ रुपये की जब्ती की गयी है। इसमें 77.25 लाख रुपये नकद, 65 लाख रुपये की शराब, 21 लाख रुपये के नशीले पदार्थ और 6.71 करोड़ रुपये का सोना-चांदी शामिल है।

इस चुनाव की एक अनूठी विशेषता यह है कि पुड्डुचेरी में मतदान की प्रक्रिया देखने के लिए किर्गिस्तान गणराज्य, मोल्दोवा, मंगोलिया, गुयाना, आइवरी कोस्ट और भूटान सहित छह देशों के नौ सदस्य यहां पहुंचे हैं।

राजनैतिक दलों के चुनाव अभियान में शामिल पाये गये नौ सरकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और चुनाव आयोग ने अन्य नौ कर्मचारियों के निलंबन की भी सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों के भीतर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की जायेगी।

श्री जवाहर ने बताया कि यहां 12,591 डाक मत पंजीकृत किये गये हैं। पिछले चुनाव में मतदान 82.2 प्रतिशत रहा था। यह देखते हुए कि इस बार 24,919 पहली बार वोट डालने वाले मतदाता हैं, मतदान प्रतिशत अधिक रहने की संभावना है और उम्मीद है कि कुल 9.5 लाख मतदाताओं में से यह आंकड़ा 90 प्रतिशत को पार कर जायेगा।

उन्होंने बताया कि 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से कुल आठ प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाये गये हैं। साथ ही, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों को मतदान के लिए कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। बूथ पर पहुंचते ही स्वयंसेवक उन्हें तुरंत वोट डालने में मदद करेंगे।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ईवीएम में उम्मीदवार सूची लगाने के दौरान उसे छीनकर भागने के आरोप में एक निर्दलीय उम्मीदवार को गिरफ्तार किया गया है।

मतगणना चार मई को पुड्डुचेरी के तीन केंद्रों और केंद्र शासित प्रदेश के कराइकल, माहे और यनम क्षेत्रों में एक-एक केंद्र पर होगी। ये सभी मतगणना केंद्र त्रि-स्तरीय सुरक्षा के घेरे में रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित