पुड्डुचेरी , मार्च 17 -- डॉ. अंबुमणि के नेतृत्व वाले वन्नियार-ओबीसी बहुल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) गुट ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधनए (राजग) नेतृत्व द्वारा पार्टी के अपमान का आरोप लगाते हुए केंद्र शासित प्रदेश की सभी 30 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

पार्टी की सोमवार रात को यहां वन्नियार संगम कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें जिला सचिव वदिवेलु, मडियाझगन और गोपी ने भाग लिया।

बैठक के अंत में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हालांकि तमिलनाडु में पीएमके राजग सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ रही है, लेकिन पुड्डुचेरी में राजग नेताओं ने उन्हें कोई सम्मान नहीं दिया।

उन्होंने बताया कि वे राजग नेता और मुख्यमंत्री एन रंगासामी से चार बार मिले और पुड्डुचेरी की पांच सीटों पर चुनाव लड़ने का अनुरोध किया , लेकिन उन्होंने पीएमके के साथ गठबंधन के बारे में कुछ नहीं कहा। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामलिंगम से भी तीन बार मुलाकात की और उन्होंने कहा कि वे पार्टी हाई कमान से चर्चा करने के बाद उन्हें जानकारी देंगे।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पुड्डुचेरी चुनाव प्रभारी निर्मल कुमार सुराना ने पीएमके को राजग में शामिल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

उन्होंने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनावों में एन आर कांग्रेस ने पीएमके के समर्थन से चुनाव जीता था। हालांकि, चुनाव तिथियों की घोषणा होने के बावजूद, यहां राजग नेतृत्व ने कोई निर्णय नहीं बताया, इसलिए बैठक में केंद्र शासित प्रदेश की सभी 30 विधानसभा सीटों पर खुद चुनाव लड़ने का संकल्प लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित