पुड्डुचेरी , मार्च 23 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पुड्डुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी को नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में टिकट नहीं दिए जाने से नाराज बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वी वैथिलिंगम के आवास के सामने धरना दिया और उनके इस्तीफे की मांग की।

श्री नारायणसामी नेल्लीथोपे निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के इच्छुक थे और उन्होंने वहां एक चुनाव कार्यालय भी खोला था। लेकिन उन्हें पार्टी से नामांकन दाखिल करने के लिए फॉर्म ए और बी नहीं मिली जिसकी अंतिम तिथि आज दोपहर तीन बजे है।

श्री नारायणसामी को श्री वैथिलिंगम द्वारा फॉर्म नहीं दिए जाने पर, उनके समर्थक पीसीसी अध्यक्ष के आवास के सामने जमा हो गए और धरना प्रदर्शन करते हुए उनके विरोध में नारे लगाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री वैथिलिंगम ने कांग्रेस पार्टी को द्रमुक के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई है और पीसीसी अध्यक्ष पद से उनके इस्तीफे की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित