नयी दिल्ली , मई 29 -- केंद्र सरकार ने पुड्डुचेरी में दो नये विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) की स्थापना की अधिसूचना जारी कर दी है जिनमें से एक सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं (आईटी/आईटीएस) तथा दूसरा विविध उद्योगों वाला है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के प्रस्तावों को वाणिज्य विभाग के अंतर्गत सेज के लिए गठित प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने वाली परिषद (स्वीकृति बोर्ड) की 137वीं बैठक में 27 फरवरी को दी गयी थी।

इनमें से आईटी/आईटीएस पर केंद्रित सेज का प्रस्ताव मेसर्स ओलगरेट म्यूनिसिपैलिटी का है, जो ओलगरेट तालुक के थट्टांचावडी गांव में 8.63 हेक्टेयर में विकसित किया जाएगा। इसमें 725 करोड़ रुपये के निवेश और 3500 रोजगार के नये अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है। यह भारत का पहला ऐसा सेज होगा जिसे किसी शहरी स्थानीय निकाय अर्थात नगरपालिका द्वारा विकसित किया जाएगा।

दूसरी मल्टी-सेक्टर सेज परियोजना पांडिचेरी इंडस्ट्रियल प्रमोशन डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (पीआईपीडीआईसी) विलियनूर तालुक के करासुर गांव में विकसित करेगी। यह करीब 86.25 हेक्टेयर क्षेत्र में होगा और इसमें 1250 करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है। चालू होने पर इसमें कम से कम 5000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित