पुड्डुचेरी , अप्रैल 09 -- केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव में गुरुवार को हो रहे मतदान के पहले आठ घंटों में अपराह्न तीन बजे तक 72 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
केन्द्रशासित प्रदेश में सभी 30 सीटों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।
चुनाव आयोग के अनुसार अपराह्न तीन बजे तक 72.40 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें लगी हैं। सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रदेश के दोनों जिलों में से पुड्डुचेरी में 72.71 प्रतिशत और कराईकल में 70.80 प्रतिशत मतदान हुआ है।
केन्द्र शासित प्रदेश में जिन लोगों ने सबसे पहले अपना वोट डाला, उनमें सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के संस्थापक-अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख एन रंगासामी हैं। वह लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।
पुड्डुचेरी में मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र के थिरुकन्नूर के मतदान केंद्र पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को शांत करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। यहां गृह मंत्री ए. नमशिवायम की भिड़ंत कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सेल्वम से हो रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रदेश के अन्य किसी भी हिस्से में कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है। तेज गर्मी के बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में मतदाता खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
केन्द्रशासित प्रदेश की सभी 30 सीटों के लिए कुल 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 40 महिला उम्मीदवार भी हैं। मतदाताओं के लिए कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें से 209 केंद्रों की संवेदनशील और पांच की अति-संवेदनशील के रूप में पहचान की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित