पुड्डुचेरी , मार्च 19 -- पुड्डुचेरी नेयम मक्कल कझगम (पीएनएमके) के संस्थापक एवं ओरलीनपेट के निर्दलीय विधायक जी. नेहरू ने गुरुवार को कहा कि वह केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में गठबंधन के लिए अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (टीवीके) से बातचीत कर रहे हैं।

श्री नेहरू ने यहां संवाददाताओं से कहा कि निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्दबाजी में की है। पर्याप्त समय नहीं दिया गया और यदि किसी को पार्टी का टिकट नहीं मिलता है, तो उसके लिए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की कोई संभावना नहीं बचती। इसलिए पुड्डुचेरी में मतदान तमिलनाडु के साथ ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी थट्टनचावडी और ओरलीनपेट सहित कुछ सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है।

श्री नेहरू ने कहा कि उन्होंने पार्टी सत्ता हासिल करने या मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं बनाई, बल्कि लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से बनायी है। उन्होंने कहा कि उप्पानार नदी के मरम्मत कार्य का खर्च, जो 28 करोड़ रुपये से शुरू हुआ था, अब 100 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और वह इस मुद्दे पर अदालत का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित