पुड्डुचेरी , अप्रैल 06 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुड्डुचेरी चुनाव में अनौपचारिक कांग्रेस उम्मीदवारों से सोमवार को मुलाकात कर सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को चौंका दिया ,वहीं सियासी हलकों में हलचलें तेज हो गयी।

जानकारी के अनुसार अगाामी 09 अप्रैल को होने वाले पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे छह अनौपचारिक कांग्रेस उम्मीदवारों में से पांच ने श्री गांधी से आज हवाईअड्डे पर मुलाकात की। इनमें पूर्व मंत्री मोहम्मद शाजहान (कलापेट), श्री शिवशंकरन (उझावरकरई), श्री कुमारन (राज भवन), वेलु (तिरुभुवनै) और श्री रघुपति (मंगलम) शामिल थे। इन नेताओं ने श्री गांधी से मुलाकात कर उन्हें शॉल भेंट की।

यह मुलाकात उस समय हुई जब सीट बंटवारे को लेकर पहले से ही कांग्रेस और द्रमुक के बीच खींचतान चल रही है। कांग्रेस और द्रमुक के बीच समझौते के तहत 30 सीटों में से 16 सीटों पर कांग्रेस और 14 सीटों पर द्रमुक चुनाव लड़ रही है। द्रमुक ने अपने हिस्से से एक सीट विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) को दी है।

बताया गया है कि ये छह उम्मीदवार उन सीटों पर नामांकन दाखिल कर चुके थे, जो द्रमुक और वीसीके को आवंटित हुई थीं। सीट बंटवारा तय होने के बाद भी इन्होंने अपना नाम वापस नहीं लिया, जिससे विवाद और गहरा गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि इन उम्मीदवारों को पार्टी की आधिकारिक मान्यता नहीं है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन में प्रचार न करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित