पुड्डुचेरी , अप्रैल 06 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पुड्डुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को दोबारा सत्ता मिलती है, तो केंद्र शासित प्रदेश को विकास की नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

श्री शाह ने मन्नाडीपेट विधानसभा क्षेत्र के तिरुक्कानूर में आयोजित जनसभा में कहा कि मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस-नीत राजग सरकार ने पिछले पांच वर्षों में विकास को पटरी पर लाया है और आगे भी तेज गति से प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने हालांकि राज्य का दर्जा देने की मांग पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि यह मुद्दा सहयोगी दलों की ओर से भी उठाया जाता रहा है।

विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए श्री शाह ने कहा कि इंडिया समूह के घटक दल आपस में ही सत्ता के लिए लड़ रहे हैं, जबकि राजग पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक कई सीटों पर आमने-सामने हैं, जबकि राजग में भाजपा, एनआर कांग्रेस, अन्नाद्रमुक और अन्य दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।

श्री शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पुड्डुचेरी विकास में पिछड़ गया था और भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने दावा किया कि सीएजी रिपोर्ट में 15,000 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ था और अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए निर्धारित मेडिकल सीटों में भी अनियमितताएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बेरोजगारी दर 47 प्रतिशत थी, जिसे एनडीए सरकार ने घटाकर 4.3 प्रतिशत कर दिया।

श्री राहुल गांधी के पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री शाह ने कहा कि जिन ऊंची कीमतों का जिक्र किया गया, वे भारत में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हैं। वैश्विक संकट के बावजूद भारत में ईंधन की उपलब्धता और कीमतें स्थिर बनी रहीं, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित