पुड्डुचेरी , अप्रैल 03 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी नौ अप्रैल को होने वाले पुड्डुचेरी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शुक्रवार शाम यहां एक विशाल रोड शो किया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के उम्मीदवारों के लिए जनता से समर्थन मांगा।
लगभग एक घंटे तक चला यह रोड शो अजंता सिग्नल से शुरू होकर अन्ना स्क्वायर पर समाप्त हुआ, जिसके दौरान प्रधानमंत्री ने करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की।
श्री मोदी रोड शो के दौरान एक खुली जीप में सवार थे। उनके साथ अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के संस्थापक-अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, गृहमंत्री ए. नमशिवायम और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम भी मौजूद थे। सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में उमड़े जनसैलाब ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और राजग के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वर्तमान में पुड्डुचेरी में एनडीए गठबंधनकी सरकार है, जिसमें एआईएनआरसी, भाजपा, अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) और एलजेके शामिल हैं।
मुख्यमंत्री रंगासामी अपनी पारंपरिक सीट थट्टनचावड़ी से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि नमशिवायम और रामलिंगम भी भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
इससे पहले, हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री रंगासामी और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्रीकी अगवानी की। रोड शो के समापन के बाद प्रधानमंत्री चेन्नई के लिए रवाना हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित