पुड्डुचेरी , मार्च 17 -- पुड्डुचेरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वी वैथिलिंगम ने मंगलवार को कहा कि पुड्डुचेरी और तमिलनाडु में अलग-अलग तारीखों पर मतदान होने से कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

श्री वैथिलिंगम ने मुख्य चुनाव आयुक्त सी ज्ञानेश कुमार से दोनों राज्यों में एक ही दिन मतदान कराने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया। मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और पुड्डुचेरी दोनों पड़ोसी राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर मतदान होना अप्रत्याशित है।

उन्होंने कहा कि अब तक तमिलनाडु और पुड्डुचेरी दोनों राज्यों में लगभग सभी आम चुनाव एक ही तारीख को हुए हैं। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि चुनाव आयोग को इस बात पर इतनी जल्दी क्यों है क्योंकि पुड्डुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां के 30 विधानसभा क्षेत्रों में से 28 तमिलनाडु की सीमा से लगे हुए हैं और चुनाव आयोग इस बात से भलीभांति अवगत है।

श्री वैथिलिंगम ने कहा कि तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में अलग-अलग तारीखों पर चुनाव होने से तमिलनाडु के लोग चुनाव प्रचार के बहाने यहां आएंगे, अनावश्यक रूप से यहां रुकेंगे, फर्जी मतदाता बनकर वोट डालेंगे, मतदान के दौरान परेशानी उत्पन्न करेंगे और अंत में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से आग्रह किया कि वह पुड्डुचेरी में भी तमिलनाडु के साथ 23 अप्रैल को मतदान कराने के लिए कदम उठाएं या तमिलनाडु में मतदान की तारीख को वापस नौ अप्रैल पर कर दें जिस तारीख को पुड्डुचेरी में मतदान होने वाला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित