पुडुचेरी , मई 18 -- पुडुचेरी विधानसभा का सत्र 20 मई को बुलाया गया है, जहां नवनिर्वाचित विधायकों को सदस्यता की शपथ दिलायी जायेगी।

प्रोटेम स्पीकर ए. अनबाझगन ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उपराज्यपाल कैलाशनाथन द्वारा पद और गोपनीयता की शपथ दिलाए जाने के बाद संवाददाताओं से श्री अनबाझगन ने कहा कि मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने थट्टांचावडी सीट से इस्तीफा दे दिया है और इस संबंध में एक पत्र सौंपा है, जो विचाराधीन है। उल्लेखनीय है कि श्री रंगासामी ने दो सीटों पर जीत हासिल की था।

प्रोटेम स्पीकर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराने की तारीख का फैसला 20 मई को सदस्यों के शपथ लेने के बाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा और जहां भी लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं, वहां बड़ी स्क्रीन पर इसे दिखाया जाएगा।

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पादी पलानीसामी ने अनबाझगन को फोन कर प्रोटेम स्पीकर के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित