चेन्नई , मई 04 -- पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक के चुनाव परिणाम के मुताबिक ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने चार सीटों पर विजय हासिल कर ली है और पांच सीटों पर बढ़त बनाये हुये है।

चुनाव आयोग के अनुसार केन्द्रशासित प्रदेश की 30 सीटों में से 17 सीटों के रूझान प्राप्त हुये है जहां एआईएनआरसी ने चार सीटों पर जीत हासिल की है और पांच पर बढ़त बनाये हुये है। थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट से एआईएनआरसी उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी विजयी हुये है। श्री रंगास्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नेयम मक्कल कषगम (एनएमके) के ई विनयागम को 4441 मतों के अंतर से हराया। इसके अलावा एआईएनआरसी ने मुथियालपेट, एरियनकौप्पम और एमबलेम सीट पर भी विजय हासिल की है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी भी एक सीट जीत गयी है और एक पर बढ़त बनाये हुये है। भाजपा ने मन्नादिपेट सीट जीत ली है और नेरावी-टी.आर.पट्टिनम सीट पर बढ़त बनाये हुये है। इसके अलावा कांग्रेस, अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है। तीन अन्य सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाये हुये हैं।

गौरतलब है कि पुडुचेरी विधानसभा की सभी 30 सीटों के लिए नौ अप्रैल को एकल चरण में मतदान हुआ था। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हुयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित