चेन्नई , मई 04 -- पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक के प्राप्त नतीजों और रूझानों के मद्देनजर ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बहुमत के साथ सत्ता में बने रहने के लिए अग्रसर है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक केन्द्र शासित प्रदेश की विधानसभा की 30 सीटों में से 25 सीटों के नतीजे एवं रूझान आये हैं। जिसमें से एआईएनआरसी जहां नौ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है वहीं एक सीट पर बढ़त बनाये हुये है। उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी दो सीटें जीतने के साथ तीन सीटों पर आगे चल रही है। अन्नाद्रमुक के खाते में एक सीट और एलजेके एक सीट पर बढ़त बनाये हुये हैं।

अब तक नतीजों और रुझान में कांग्रेस ने एक सीट पर विजय हासिल की है और द्रमुक एक सीट पर जीत और एक पर बढ़त बनाये हुये है। एक ओर जहां टीवीके एक सीट पर विजयी हुई और एक अन्य सीट पर बढ़त बनाये हुये हैे, वहीं तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी इस चुनावी अभियान में विजय हासिल की है।

थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट से एआईएनआरसी उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी विजयी हुये है। श्री रंगास्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नेयम मक्कल कषगम (एनएमके) के ई विनयागम को 4441 मतों के अंतर से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित