पुडुचेरी , मार्च 31 -- तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को कहा कि नौ अप्रैल को होने वाले पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में लोग विपक्षी इंडिया गठबंधन को अस्वीकार कर देंगे।

राज भवन निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा पुडुचेरी अध्यक्ष रामलिंगम के समर्थन में वोट मांगने के लिए पुडुचेरी पहुंचे श्री अन्नामलाई ने खुली जीप में पूरे क्षेत्र का दौरा किया और चुनाव प्रचार किया।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए श्री अन्नामलाई ने कहा कि इंडिया गठबंधन जैसा गठबंधन दुनिया में कहीं नहीं है। गठबंधन धर्म के सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार उन क्षेत्रों में खड़े हैं जो अन्य सहयोगी दलों को आवंटित किए गए थे।

उन्होंने बताया कि पार्टी निर्देशों का उल्लंघन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल करने के आरोप में छह कांग्रेस उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह खुद इस बात को दर्शाता है कि गठबंधन में कोई एकता नहीं है।

श्री अन्नामलाई ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों-द्रमुक, भाकपा, वीसीके और माकपा के बीच आपसी सम्मान का अभाव है। इस गठबंधन ने 30 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सीट बंटवारे और क्षेत्रों की पहचान तक नहीं कर पाया। ऐसे में अगर यह सत्ता में आ भी जाए तो अच्छा शासन कैसे दे सकता है, उन्होंने सवाल किया।

श्री अन्नामलाई ने कहा, गठबंधन बनाने, नामांकन पत्र दाखिल करने और हर पहलू में इंडिया गठबंधन पूरी तरह असफल रहा है। लोग इसे अस्वीकार कर देंगे और इसे भारी हार का सामना करना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित