पुडुचेरी , अप्रैल 02 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव मुकुल वासनिक ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की पुरानी मांग पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

संवाददाताओं से बातचीत में श्री वासनिक ने याद दिलाया कि पिछले चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री और एआईएनआरसी के संस्थापक-अध्यक्ष रंगास्वामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ इसी वादे पर गठबंधन किया था कि पुडुचेरी को राज्य का दर्जा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री रंगास्वामी को अब अपने उस बयान का जवाब देना चाहिए जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर राज्य का दर्जा नहीं मिला तो वह विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

श्री वासनिक ने आरोप लगाया कि पुडुचेरी को 'बेस्ट' बनाने के वादे के साथ सत्ता में आई सरकार ने पिछले पांच वर्षों में इसे भ्रष्टाचार में नंबर एक बना दिया। उन्होंने सरकार पर टेंडर प्रक्रियाओं में 30 प्रतिशत कमीशन लेने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे रहे हैं और न ही पत्रकारों से बात करते हैं। शहर में ओवरब्रिज निर्माण जैसी घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रहीं, जो सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।

'इंडिया' गठबंधन के बारे में वासनिक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस, द्रमुक और अन्य सहयोगी दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सभी मिलकर प्रचार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित