रायबरेली, 08 नवंबर 2026 (वार्ता) उत्तर प्रदेश के रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में मंदिर के पास मांस और कूड़ा डालने का विरोध करने पर पुजारी व ग्रामीणों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का बंका और चार लकड़ी के डंडे बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों से आज रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, आलमपुर गांव निवासी शारदा बख्श सिंह ने छह नवंबर को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के बाहर भुय्यानी मंदिर के पास पशुओं को चराने तथा मंदिर परिसर के आसपास मांस, मुर्गी, बकरी के अवशेष और घरेलू कूड़ा डालने का पुजारी कमलेश दास ने विरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर विपक्षीगण ने एकराय होकर पुजारी पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे वादी और कुछ ग्रामीणों को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
इस मामले में नसीराबाद थाने में 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित