रामगढ़ , मई 23 -- झारखंड के रामगढ़ जिला स्थित पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार को टाउनशिप परिसर में "गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम)-2026" कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस पहल के तहत आसपास के विद्यालयों की 50 बालिकाओं को चयनित कर उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने की दिशा में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। पिछले वर्ष की जीईएम प्रतिभागी छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस मंच ने उन्हें नई सोच, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने नई प्रतिभागियों को हर अवसर का भरपूर लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीवीयूएनएल के सीईओ ए.के. सहगल एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल मौजूद रहीं।

इस अवसर पर पीवीयूएनएल के महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं बच्चे भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान चयनित छात्राओं के बीच बैग, यूनिफॉर्म, जूते, किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

पीवीयूएनएल प्रबंधन ने कहा कि जीईएम-2026 केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए सक्षम बनाने का अभियान है। संस्था आने वाले समय में भी बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित