पीलीभीत , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कलीनगर क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर से शुक्रवार को एक युवती का कंकाल बरामद किया गया, जिसकी पहचान 82 दिनों से लापता युवती के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि माधोटांडा थाना क्षेत्र निवासी रोशनी (18) पिछले साल 28 दिसंबर को घर से लापता हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह चित्तरपुर पुल से नहर में कूद गई थी, जिसके बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने चित्तरपुर पुल के पास नहर में झाड़ियों के बीच कंकाल देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को बाहर निकलवाया। परिजनों ने कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान की।
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर पूरी तरह गल चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित