पीलीभीत , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 66 वर्ष के बुजुर्ग ने नौ साल की बच्ची को बंधक बनाकर दो दिनों तक दुष्कर्म किया।

रविवार को नौ वर्ष मासूम बच्ची चप्पल लेने बाजार गई थी। आरोप है कि इसी बीच मोहम्मद उमर ने बच्ची को लालच देकर अगवा कर लिया। परिवार वाले दो दिन तक बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद उसी दिन पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।

सुनगढ़ी थाना पुलिस ने परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सुनगढ़ी पर धारा 65(2) बीएनएस एवं 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। नामजद अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची रविवार दोपहर बाजार में पिता के पास गई। पिता से नई चप्पल खरीदने को कहा। पिता ने बगल वाले दुकानदार से कहा कि बेटी को चप्पल दे दें। इसके बाद बच्ची चप्पल की दुकान पर चली गई। पिता अपने काम में लग गए। इसी बीच आरोपी उमर आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया।

थोड़ी देर बाद पिता को बेटी का ध्यान आया। उन्होंने बगल वाली दुकान पर देखा, लेकिन बच्ची वहां नहीं थी। उन्हें लगा कि वह घर चली गई होगी। पिता दुकान से काम करके लौटे तो बच्ची घर पर भी नहीं थी। उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला। थाना सुनगढ़ी पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर पर बच्ची को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद दो दिनों तक बच्ची से रेप किया। आरोपी के घर के सामने रहने वाले एक युवक ने उसका वीडियो बनाकर परिवार को भेजा। इसमें आरोपी बच्ची से अश्लील हरकत करते दिख रहा है। वीडियो देखकर परिजन भागकर आरोपी के घर पहुंचे, वहां बच्ची बदहवास हालत में मिली।

मंगलवार को आरोपी के घर के सामने रहने वाले युवक ने चोरी-छिपे बच्ची से रेप करते हुए वीडियो बना लिया और परिवार को भेज दिया। वीडियो देखकर गांव के घरवाले उमर के घर पहुंचे। वहां देखा तो बच्ची बदहवास पड़ी हुई थी। आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार ने पुलिस को वीडियो सौंपा। मामले का पता चलने पर हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव किया और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। वह पीलीभीत से भागने की फिराक में था।

परिजनों ने बताया कि बच्ची कक्षा 4 में पढ़ती है। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी है। इसके अलावा दो बड़े भाई और एक बड़ी बहन हैं। बच्ची के पिता गांव से 200-300 मीटर दूर बाजार में एक दुकान पर काम करते हैं। आरोपी मोहम्मद उमर गांव में अकेले रहता है। वह कोई काम नहीं करता। उसकी पत्नी की कई साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। एक महीने पहले एक बेटे की भी मौत हो गई थी। दूसरा बेटा शहर में नौकरी करता है। बेटी की शादी हो चुकी है।

एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि बच्ची से रेप का एक आपत्तिजनक वीडियो मिला है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल कराकर जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित