पीलीभीत , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को घुघचिहाई पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मोहनपुर जपती गांव निवासी मुकेश (25) अपनी साली गजरौला खास निवासी आरती देवी के साथ बाइक से बीसलपुर क्षेत्र के न्यूरापुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बाइक पर आरती देवी के दो बेटे कृष्ण और दुर्वश तथा मुकेश की डेढ़ वर्षीय पुत्री आरोही भी सवार थे।

सुबह करीब 11 बजे जब उनकी बाइक घुघचिहाई पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और बाइक चला रहे मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला और बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित