पीलीभीत , अगस्त 30 -- पीलीभीत में शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। बाजार से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जहानाबाद थाना पुलिस की जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भौना के मजरा हुसैन नगर निवासी पीतम राम (40) पुत्र रामदयाल अपने चचेरे भाई चंद्रपाल (35) पुत्र टीकाराम के साथ शनिवार देर शाम 'बरात बोझ' बाजार गए थे। रात लगभग आठ बजे जब दोनों भाई बाजार से सब्जी खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक अज्ञात वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जहानाबाद थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

टक्कर के बाद पीतम राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल चंद्रपाल को तत्काल जिला अस्पताल पीलीभीत भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित