पीलीभीत , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की बराही रेंज में वन विभाग और वन्यजीव तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। वनकर्मियों की घेराबंदी के दौरान तस्करों ने फायरिंग की और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके से एक बाइक तथा शिकार किए गए जंगली सुअर का शव बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सिमरा बीट द्वितीय क्षेत्र की है। सिमरा वन चौकी पर तैनात वन दरोगा कपिल कुमार और फॉरेस्ट गार्ड अनिल कुमार की टीम बुधवार देर रात गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ बाइक सवार तस्कर वन्यजीव का शिकार कर मांस ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि तस्करों ने वनकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और दबाव बढ़ने पर आरोपी बाइक तथा जंगली सुअर का शव मौके पर छोड़कर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने बरामद बाइक और वन्यजीव के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया।
पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि विभागीय स्तर पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9/51 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही संबंधित थाने में भी आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के राघवपुरी निवासी हरजिंदर सिंह को मामले में नामजद किया गया है। अन्य अज्ञात तस्करों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित