पीलीभीत , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बंगला उर्फ मित्रसेन में मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने पिता को कमरे में बंद कर बाहर बनी झोपड़ी में आग लगा दी। ग्रामीणों ने समय रहते बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार पीड़ित कोमल प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पहले उनकी पिटाई की। इसके बाद उन्हें जान से मारने की नीयत से कमरे में बंद कर ताला लगा दिया और घर के बाहर बनी झोपड़ी में आग लगा दी।

आग की लपटें उठने और अंदर फंसे बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और कमरे का ताला तोड़कर कोमल प्रसाद को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी युवक शराब के नशे में था और दो दिन पहले ही मुंबई से गांव लौटा था।

थानाध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित