पीलीभीत , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज के महोफ क्षेत्र में शनिवार देर रात एक वयस्क नर बाघ का शव बरामद होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। धमेला वॉच टावर के पास महोफ और माला रेंज के बीच शव मिलने की सूचना पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) भरत कुमार डीके टीम सहित मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली से मुख्य वन संरक्षक ने भी रात करीब दो बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड डायरेक्टर और अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक भी प्रकरण की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

वन अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में बाघ के शरीर पर आपसी संघर्ष या बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। सामान्यतः बाघों की मौत आपसी संघर्ष या शिकार के कारण होती है, लेकिन शरीर पर घाव न मिलने से इसे संदिग्ध मौत माना जा रहा है।

प्रोजेक्ट टाइगर के नोडल अधिकारी भी घटनास्थल का दौरा करेंगे ताकि सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जा सके। एक वयस्क नर बाघ की अचानक मौत वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से चिंता का विषय मानी जा रही है।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि पूरी कार्यवाही नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए बाघ के शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान , बरेली भेजा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित