पीलीभीत , सितंबर 27 -- उत्तराखंड एवं तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पीलीभीत में बनबसा बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। इस कारण शारदा नदी के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने शनिवार को और आज रविवार को अलर्ट जारी किया है। प्रशासन के अनुसार नदी में लगभग 3.4 लाख क्यूसेक पानी पहुंचने की आशंका है। रविवार को नदी का जलस्तर बढ़ने से अधिकतम होने की संभावना को भी बल मिला है।

तीन दिन से लगातार बर्षा के कारण धन और गन्ने की फसल को भरी नुकसान होने की संभावना किसानों ने व्यक्त कर प्रशासन से मुआवजा दिलवाने की मांग की है। शनिवार को डीएम आलोक कुमार और एसपी सुकीर्ति माधव ने बनबसा बैराज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। अधिकारियों ने पानी छोड़े जाने और संभावित असर को लेकर जानकारी ली। प्रशासन की टीमें लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों और राहत शिविरों को सक्रिय कर दिया है। पूरनपुर तहसील में नदी किनारे के गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा है।

पूरनपुर के एसडीएम मयंक गोस्वामी ने नदी किनारे बसे गांवों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम को शारदा पार भेजा गया है। टीम गांवों में हालात का जायजा लेने के साथ जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ टीम को अलर्ट पर रखा गया है। बचाव के लिए जरूरी उपकरण भी तैयार हैं। बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को भी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का अनुमान है कि शारदा नदी में पानी का प्रवाह 3.5 लाख क्यूसेक तक पहुंचने पर निचले इलाकों की कृषि भूमि जलमग्न हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित