पीलीभीत , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार भाेर सगे भाइयों ने 21 साल पहले पिता की हत्या के दोषी की बांके से प्रहार कर हत्या कर दी।

पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह किसान वेदराम टहलने निकले थे। आरोपियों ने अपने घर के बाहर घेरकर सिर पर बांके से कई वार किए, जिससे वेदराम लहूलुहान होकर गिर गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपुर विधि भूषण मौर्य ने मीडिया को बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रंजिश में हत्या का आरोप है, जांच के लिए टीम लगाई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। मृतक के परिजनों ने आठ लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।

पुरनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार वेदराम हत्या के आरोप में पांच वर्ष की सजा काटकर 2012 में जेल से बाहर आए थे। पुलिस ने दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है। अपार पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव और सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की जांच की।

पुलिस के अनुसार मृतक बिलहरी गांव के रहने वाले वेदराम (50 ) किसान थे। उनके घर से 400 मीटर दूर नंदराम का घर है।

वर्ष 2005 में वेदराम की घूरे के विवाद में नंदराम से कहासुनी हुई थी। गुस्से में आकर वेदराम ने नंदराम की हत्या कर दी थी। इस मामले में वेदराम सहित आठ लोगों पर केस हुआ था। हत्या के आरोप में पांच वर्ष की सजा काटने के बाद 2012 में मृतक वेदराम जेल से बाहर आ गए थे।

पुलिस ने बताया नंदराम की मौत के समय उसके तीन बेटे रामदेव (28), श्यामदेव (27) और श्रीदेव (25) छोटे थे। सबसे छोटा बेटा उस समय चार वर्ष का था। बदले की रंजिश का बदला लेने के लिए मंगलवार तड़के पांच बजे वेदराम रोजाना की तरह टहलने निकले थे। जैसे ही वह नंदराम के घर के सामने पहुंचे वहां पहले से घात लगाए बैठे तीनों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बांके से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण वेदराम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर हिमांशु गौरव ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने आठ लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुरनपुर कोतवाली पुलिस ने रामदेव और श्यामदेव को हिरासत में ले लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित