पीलीभीत , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र स्थित कुर्रेया रेलवे हाल्ट पर शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार युवक ने शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी मनीष कुमार (31) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
थाना पुलिस के अनुसार, मनीष कुमार अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए बिहार से पीलीभीत के महुआ गुंदे गांव स्थित अपनी ससुराल आया था। किसी पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। इससे आहत होकर मनीष ससुराल से निकल गया और कुर्रेया रेलवे हाल्ट पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे हाल्ट पर मनीष ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर सेहरामऊ उत्तरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक के पास से जहरीले पदार्थ का एक पैकेट मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित