पीलीभीत , मई 09 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले की जहानाबाद थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ए लाख 20 हजार अल्प्रालोजम गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार जहानाबाद थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं की बड़ी खेप के लेनदेन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान एक सफेद कार में बैठे तीन लोगों को हिसाब-किताब करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि नशीली गोलियां फुरकान नामक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेची गई थीं। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। आरोपियों में लखविन्दर सिंह मूल रूप से राजस्थान का निवासी है और वर्तमान में लखीमपुर खीरी से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके विरुद्ध थाना जहानाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

दूसरा आरोपी ओमकार मिश्रा पेशेवर अपराधी बताया गया है, जिसके खिलाफ थाना पलिया, जनपद लखीमपुर खीरी में बलवा और मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा आरोपी फुरकान अमरिया क्षेत्र का निवासी है और वह भी जहानाबाद थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नामजद है।

सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक लाख 20 हजार नशीली गोलियां, 54 हजार 550 रुपये नकद, तस्करी में प्रयुक्त आई-20 और स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन तथा आठ एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित