पीलीभीत , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर होली पर्व के दिन बुधवार को गौहनिया गांव के निकट दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक अन्य दुर्घटना में पीलीभीत बरेली हाइवे पर अज्ञात वाहन से टकराकर एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

थाना अध्यक्ष बिलसंडा सिद्धांत शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। सड़क पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों मृतक अपनी-अपनी ससुराल से होली का पर्व मनाकर अपने घर वापस लौट रहे थे। एक मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ हरीश कुमार 26 बर्ष (पुत्र नेमचंद्र), निवासी जमुनिया ताल्लुक ईटगांव, थाना बिलसंडा के रूप में हुई। सुरेंद्र गंगुआपुर गांव स्थित अपनी ससुराल से लौट रहे थे। दूसरे मृतक का नाम धनपाल 25 बर्ष (पुत्र हरेंद्र) है, जो ग्राम बढ़ेला बड़ागांव, थाना पुवायां, जनपद शाहजहांपुर के निवासी थे। धनपाल बिलसंडा क्षेत्र के वकैनिया गांव में अपनी ससुराल (रामगुलाम के घर) से वापस जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गौहनिया गांव के पास बीसलपुर-बिलसंडा रोड पर दोनों बाइकों की गति काफी तेज थी। आमने-सामने की इस टक्कर में दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

थाना अध्यक्ष बिलसंडा, सिद्धांत शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान कर पुलिस ने परिजनों को सूचित किया।

एक अन्य दुर्घटना में जहानाबाद थाना क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत हाईवे पर एक सड़क दुर्घटना में मंगलवार आधी रात को एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रही 60 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

जहानाबाद थाना अध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई ने बताया मृतका की पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचित किया गया।

मृतका की पहचान जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बालपुर निवासी रामकली (लगभग 60 वर्ष) पत्नी दुर्गा प्रसाद के रूप में हुई है। रामकली मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अक्सर घर से बाहर निकल जाती थीं। यह घटना मंगलवार देर रात दरम्यानी ब्लॉक ललौरीखेड़ा के समीप हाईवे पर हुई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित