पीलीभीत , जून 22 -- पीलीभीत में दुष्कर्म की घटना से पीड़ित नौ वर्षीय बच्ची से राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने मुलाकात की और पीड़ित के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

पुष्पा पांडे ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि 66 वर्षीय उमर का बच्ची से दुष्कर्म करना घोर निंदनीय है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि वह मामले की निगरानी कर रही हैं और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

पुष्पा पांडे ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि महिला कल्याण विभाग की ओर से परिवार को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, परिवार को सरकारी आवास योजना के तहत एक आवास भी आवंटित किया जाएगा, क्योंकि उनके पास पक्का मकान नहीं है।

सरकार में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और उनके पुनर्वास के लिए हर स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। पुलिस को भी मामले में त्वरित पैरवी कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित