पीलीभीत , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बरेली-पीलीभीत हाईवे पर शुक्रवार देर रात ट्रक और ईको कार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ईको कार बरेली से पीलीभीत की ओर आ रही थी। वाहन में कुल 12 यात्री सवार थे, जिनमें से दो लोग नवाबगंज में उतर गए थे। शेष 10 यात्री पीलीभीत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जहानाबाद क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ईको में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक की पहचान सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाग गुलशेर खां निवासी रजत (23) पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई।
घायलों में अजीत पटेल (30) पुत्र लोटन सिंह निवासी सियावाड़ी पट्टी थाना जहानाबाद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तीसरे मृतक, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है, की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
एक अन्य घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि मामूली रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन अपने साथ घर ले गए। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित