पीलीभीत , सितंबर 21 -- पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक परिवार के पांच सदस्य जहरीली दाल खाने के कुछ देर बाद बेहोश हो गए।
सास नन्हीं देवी ने अपनी बहू पिंकी पर दाल में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपित महिला मौके से फरार बताई गई है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कपूरपुर रामपुर गांव निवासी दरबारी लाल के बड़े बेटे हरपाल की शादी पुन्नापुर गांव की पिंकी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। जिस कारण पिंकी लगभग पांच साल से मायके में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी,तबसे फिर घर में विवाद होने लगा।
पुलिस के अनुसार रविवार रात घर में बनी दाल ससुर दरबारी लाल, सास नन्हीं देवी, देवर नंदा, ईश्वर वती और पिंकी के बेटे अंशुमन ने खाई थी। आरोप है कि दाल में जहरीला पदार्थ मिला था। खाना खाने के कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ी और वे सभी बेहोश हो गए।
पिंकी का पति हरपाल इस घटना से प्रभावित इसलिए नहीं हुआ क्योंकि वह रात में बाजार से अपने लिए मछली लेकर आया था। उसने परिवार के साथ दाल नहीं खाई थी। परिवार के लोगों के बेहोश होने के बाद रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। सोमवार सुबह लगभग आठ बजे तक जब घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ।
उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो परिवार के सभी लोग बेहोशी की हालत में पड़े थे,तब उनकी सूचना पर पूरनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सीएचसी पूरनपुर लेकर गई। वहां उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपित महिला की खोज में पुलिस लगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित