पीलीभीत , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के हजारा थाना क्षेत्र में गन्ने की छिलाई कर रहे एक किसान पर बाघ ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मौरनिया गांधी नगर निवासी भरत (37) बुधवार को संपूर्णानगर क्षेत्र में पदम सिंह के खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे थे, जो बफर जोन से सटा हुआ है। दोपहर करीब एक बजे खेत में छिपे बाघ ने अचानक पीछे से उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान किसान के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, जिससे बाघ घायल किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

थाना प्रभारी हजारा शरद यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को भरतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया। किसान के शरीर पर बाघ के पंजों और दांतों के गहरे निशान हैं और उनका इलाज जारी है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बफर जोन के नजदीक होने के कारण अक्सर जंगली जानवर खेतों तक पहुंच जाते हैं। क्षेत्राधिकारी पूरनपुर प्रतीक दहिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वन विभाग को इलाके में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित