पीलीभीत , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा जहानाबाद थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब मीरापुर पट्टी निवासी ओंकार सिंह (38) अपनी पत्नी लवली देवी के साथ बाइक से पीलीभीत शहर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ओंकार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लवली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय वैगनआर कार पीलीभीत मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पुरुष अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एस.पी. सिंह के पुत्र निर्भय सिंह चला रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जहानाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने बताया कि मामले के सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित