पीलीभीत , सितंबर 15 -- पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रतिबंधित वनक्षेत्र में एक यूट्यूबर ने टेंट लगाकर मांस पकाकर खाया। इसका वीडियो सोमवार की रात सामने आने के बाद वन विभाग के अधिकारियो को इसकी जानकारी हुई तब वे सक्रिय हुए।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह ने यूनीवार्ता को बताया कि वीडियो के आधार पर युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन पता करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएफओ ने बताया युवक की पहचान और घटना से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद वन कानून के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में युवक खारजा नहर के किनारे और शारदा सागर डैम के पास जंगल में टेंट लगाकर गैस चूल्हे पर मांस पकाता दिखाई दे रहा है।
वीडियो 'ट्रैवलर विद सुमित' नाम के पेज से सोमवार रात नौ बजे पोस्ट किया गया। इसमें युवक पीटीआर के अंदर प्रतिबंधित क्षेत्र में टेंट लगाता नजर आ रहा है। इसके बाद वह गैस चूल्हे पर मांस पकाते हुए भी दिखाई देता है। वन अधिकारी के अनुसार जंगल में मांस पकाने से निकलने वाली गंध जंगली जानवरों को आकर्षित कर सकती है। इससे मनुष्य और वन्यजीवों के आमने-सामने आने का खतरा बढ़ सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद पीटीआर की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया है कि युवक कई दिनों से जंगल के अंदर था। ऐसे में सवाल है कि बैरियर पर तैनात कर्मचारियों और वन रक्षकों की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी। इतने संवेदनशील प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी बाहरी व्यक्ति के पहुंचने और टेंट लगाकर रहने की जानकारी विभाग को वीडियो वायरल होने के बाद होना सुरक्षा व्यवस्था में चूक की बड़ी घटना मानी जा सकती है। वन्य प्रेमियों का इस घटना पर कटाक्ष है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में आम लोगों को प्रवेश के लिए बड़े कड़े नियम कानून है,लेकिन ऐसो को प्रवेश कैसे मिल जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित