जीरकपुर , अक्टूबर 08 -- पंजाब के जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में गुरुवार सुबह गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने पार्क में जमीन पर शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव पुरुष का है या महिला का। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या पार्क में ही की गई या किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया।

पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली। इसके बाद टीम ने पार्क के आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित