चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव में लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद बरकरार रखने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) उम्मीदवार अनिकेत बिधान को बधाई दी।
श्री ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि यह जीत महज छात्रसंघ चुनाव का परिणाम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं और राजनीतिक पसंद का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि लगातार दूसरीबार एबीवीपी का समर्थन कर जेनरेशन जेड ने नकारात्मक राजनीति के बजाय विकास, राष्ट्रवाद, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पहली बार पीयू छात्रसंघ अध्यक्ष पद जीतने के बाद एबीवीपी की लगातार दूसरी जीत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री ढिल्लों के अनुसार, पंजाब यूनिवर्सिटी के युवाओं ने बदलाव और बेहतर भविष्य की अपनी इच्छा स्पष्ट कर दी है तथा वे भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास केंद्रित दृष्टिकोण से जुड़ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के युवा बेहतर रोजगार अवसर, नशामुक्त वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, औद्योगिक विकास और प्रगति के अधिक अवसर चाहते हैं। भाजपा युवाओं की आकांक्षाओं को अपनी राजनीति के केंद्र में रखेगी।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पीयू चुनाव का परिणाम 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने दावा किया कि खासकर युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्ग भाजपा को पंजाब में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं और पार्टी 2027 में पंजाबमें सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। उन्होंने अनिकेत बिधान, एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्रों का जनादेश के लिए आभार जताया तथा नवनिर्वाचित छात्रसंघ से छात्रों की समस्याओं के समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित