चंडीगढ़ , सितंबर 30 -- हरियाणा सरकार प्रदेश को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश के नए रास्ते खोलने जा रही है। चुनिंदा पर्यटन स्थलों और परिसरों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी क्षेत्र की पूंजी, विशेषज्ञता, तकनीक और प्रबंधन क्षमता को सरकारी प्रयासों से जोड़कर पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित 'एसोचैम स्वरा राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन' में हरियाणा पर्यटन का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन को निवेश, रोजगार, नवाचार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर व्यापक विकास मॉडल के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2025 में देश में करीब 428.7 करोड़ घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। दिल्ली-एनसीआर से बेहतर कनेक्टिविटी और निकटता के कारण हरियाणा इस बड़े पर्यटन बाजार का लाभ उठा सकता है। उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल के तहत पर्यटन स्थलों पर बेहतर आवास, खान-पान, आयोजन सुविधाएं, मनोरंजन और साहसिक गतिविधियों जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने होटल समूहों, टूर ऑपरेटरों, तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप और स्थानीय उद्यमियों से हरियाणा के पर्यटन विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं और उद्यमियों से 'सेवा संकल्प अभियान' तथा 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' से जुड़कर पर्यटन क्षेत्र में नए विचार लाने की अपील की।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि मोरनी, टिक्कर ताल, हथनीकुंड बैराज और तिलयार झील सहित प्राकृतिक क्षेत्रों में ग्रीन और साहसिक पर्यटन की संभावनाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास प्रकृति की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 तक प्रदेश में 38 पंजीकृत फार्म टूरिज्म स्थल और 11 पंजीकृत होम-स्टे हैं। ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों को खेती, ग्रामीण जीवन, हरियाणवी खान-पान और लोक संस्कृति से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए अतिरिक्त आय एवं रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि हरियाणा दिल्ली-एनसीआर के लिए वीकेंड और अनुभव आधारित पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी संभावनाएं विकसित कर रहा है। कुरुक्षेत्र, सूरजकुंड, पिंजौर, मोरनी और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़कर पर्यटकों को विविध अनुभव उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित