देहरादून , अगस्त 18 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में टिहरी हाइड्रा वलपमेंट कॉर्पोरेशन (टीएचडीसी) की निर्माणाधीन विष्णुगाद जल विद्युत परियोजना की टनल में भूस्खलन के कारण आए मलवे में फंसे श्रमिकों में से मंगलवार को एक अन्य श्रमिक का शव बरामद हुआ है। टनल से अब तक कुल नौ शव मिल चुके हैं। जबकि अभी भी एक और श्रमिक की तलाश जारी है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सड़क संगठन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल सहित अन्य रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा लापता श्रमिकों की तलाश एवं राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ टनल के भीतर तलाश अभियान चला रही हैं। आज अभियान के दौरान लुकास टोपनो (31) पुत्र बोयसा टोपनो निवासी ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड को टनल से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि हादसे में अब तक नौ श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि एक श्रमिक अभी भी लापता है। लापता श्रमिक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार तलाश अभियान में जुटी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित