धार , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश की औद्योगिक नगरी पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में प्रताप ग्रुप की 850 करोड़ रुपये के निवेश वाली दो अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों कॉर्सिस इंडस्ट्रीज और वोल्टर्स टेक्नोलॉजी का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दोनों इकाइयां उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करेंगी। युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश युवा शक्ति से समृद्ध प्रदेश है और युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा का सही उपयोग करने के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इकाइयों का अवलोकन करते हुए बताया कि जर्मन तकनीक के सहयोग से यहां ऑप्टिकल फाइबर और लिथियम बैटरी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं भविष्य की डिजिटल आवश्यकताओं और ग्रीन एनर्जी की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से करीब 30 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत ने कहा कि पीथमपुर में स्थापित हो रहे ये संयंत्र भारत के बढ़ते औद्योगिक परिदृश्य और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियां, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स अधोसंरचना इसे देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायक हैं।

उन्होंने कहा कि बैटरी स्टोरेज प्लांट ग्रीन एनर्जी की बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जबकि ऑप्टिकल फाइबर इकाई देश की संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेगी। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी भी प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा दे रही है।

प्रताप ग्रुप के चेयरमैन देवेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि लगभग 8,067 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित ऑप्टिकल फाइबर संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5.5 मिलियन फाइबर किलोमीटर है। यहां निर्मित ऑप्टिकल फाइबर का उपयोग ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, 5जी नेटवर्क, एफटीटीएच, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी, रक्षा और अन्य रणनीतिक संचार अवसंरचनाओं में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों परियोजनाओं के माध्यम से पीथमपुर में लगभग 850 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि समूह द्वारा पीथमपुर में कुल 1,140 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्तावित निवेश किया जा रहा है। इन इकाइयों से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसरों के साथ उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक नीना वर्मा, निलेश भारती सहित प्रताप ग्रुप के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित