धार , अक्टूबर 10 -- मध्य प्रदेश के धार की औद्योगिक नगरी पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित अल्पा इंडस्ट्रीज के स्क्रैप गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और आसपास की कंपनियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। महू सहित आसपास की औद्योगिक इकाइयों से बुलाए गए दमकल वाहनों समेत सात दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज पूर्वाह्न 11:30 बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की कंपनियों में भी दमकल वाहन तैनात किए गए, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।
आग की भयावहता को देखते हुए पीथमपुर क्षेत्र के तीनों थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास की सड़क को सील कर दिया गया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए और लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित