श्रीनगर , दिसंबर 19 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को श्रीनगर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पटना में एक कार्यक्रम के दौरान एक मुस्लिम डॉक्टर का हिजाब हटाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी सुश्री इल्तिजा ने श्रीनगर के कोठीबाग पुलिस स्टेशन के थानाध्यक्ष के पास अपनी शिकायत दर्ज करायी। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम डॉक्टर का हिजाब हटाने की घटना से मुसलमानों, विशेषकर महिलाओं को अत्यधिक पीड़ा एवं दुख पहुंचा है।
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, "कुछ दिन पहले हमने सदमे, भय एवं चिंता के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक सरकारी समारोह में सबके सामने युवा मुस्लिम महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब उतारते देखा। स्थिति तब और भी बदतर हो गई जब आसपास मौजूद लोगों ने असहज प्रतिक्रिया दी, जिनमें बिहार के उपमुख्यमंत्री का खिलखिलाकर हंसना भी शामिल था।"सुश्री इल्तिजा ने कहा कि मुस्लिम डॉक्टर का हिजाब जबरदस्ती उतारना न केवल एक मुस्लिम महिला पर क्रूर हमला है बल्कि हर भारतीय महिला की स्वायत्तता, पहचान एवं गरिमा पर भी हमला है।
उन्होंने कहा कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पूरे भारत में मुसलमानों को जानबूझकर अलग-थलग किया जा रहा है और उन्हें राजनीतिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर किया जा रहा है यह घटना और भी चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने पूरे भारत में मुस्लिम महिलाओं के हिजाब को बदमाशों द्वारा खींचकर उतारने वाला वीडियो को अत्यंत भयावह रूप से देखते हुए पाया।
सुश्री इल्तिजा ने अपनी शिकायत में कहा, "शायद मुख्यमंत्री की इस तरह की हरकत से गुंडों को बढ़ावा मिला है, जिससे उन्हें मुस्लिम महिलाओं को अपमानित करने और उन पर हमला करने की खुली छूट मिल गई है। एक युवा मुस्लिम महिला होने के नाते, मैं इस बात से बेहद चिंतित हूं कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई है जो इस तरह की घटनाओं को रोकने का काम करे और एक मिसाल कायम करे। भाजपा के मंत्री और सत्ता में बैठे लोग नीतीश कुमार की इस अभद्रता को जायज ठहरा रहे हैं।"पुलिस से कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए उन्होंने तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की और कहा कि कानून का शासन बनाए रखने के लिए जवाबदेही आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित