प्रयागराज , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर रविवार को आ रहे समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुये पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि पीडीए की वकालत करने वाले सपा अध्यक्ष को अपनी पार्टी मे पिछड़े वर्ग के विधायकाें और सांसदों की संख्या को स्पष्ट करना चाहिये। श्री सिंह ने शनिवार को कहा कि अखिलेश यादव को पहले यह बताना चाहिए कि उनके पीडीए में पिछड़ों की संख्या क्या है।उनकी पार्टी में विधायकों और सांसदों में पिछड़ों की क्या संख्या है। अखिलेश यादव "एम" यानी अल्पसंख्यक के आगे कुछ भी नहीं सोच पाते हैं, यही वजह है कि यूपी के जब एक ब्राह्मण अधिकारी ने 2013 में उन्हें लिखकर दिया था कि मंदिर हमें बनवा देना चाहिए तो उन्होंने उनका भी अपमान किया था।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे वाले बयान का समर्थन करते हुये श्री सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा बार-बार एलाइनमेंट बदले जाने के आरोप सही हैं,क्योंकि सपा सरकार आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे का सैफई से कनेक्शन चाहती थी, यही वजह है कि उसके एलाइनमेंट में बार बार बदलाव किया गया,जिससे एक्सप्रेसवे की दूरी भी करीब 30 किलोमीटर बढ़ गई।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि जहां-जहां अखिलेश के हाथ पड़े हैं,चाहे गोमती रिवर फ्रंट हो, चाहे जेपी मेमोरियल हो वहां पर भ्रष्टाचार हुआ है। खनन में भी सपा सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है,यही वजह है कि आज भी सपा सरकार के खनन मंत्री गायत्री प्रजापति जेल की सलाखों के पीछे है। ओमप्रकाश राजभर के आरोप सही हैं,इसमें कोई संदेह नहीं है कि सपा सरकार में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे को लेकर भी जमकर भ्रष्टाचार हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित